आरंग: श्री गणेशोत्सव के अवसर पर श्री विघ्नहर्ता परिवार, नेताजी चौक, आरंग द्वारा अपने “10 दिवस–10 सेवा कार्य” संकल्प के अंतर्गत गौवंशों की सेवा एवं सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। इसी क्रम में समिति के सदस्यों ने गौवंशों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के उद्देश्य से रेडियम बेल्ट लगाने का कार्य प्रारंभ किया। रात के समय वाहनों की रोशनी में रेडियम बेल्ट दूर से दिखाई देने से सड़क पर विचरण करने वाले गौवंशों की दृश्यता बढ़ाने में मदद मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही समिति द्वारा प्रतिदिन गौवंशों को हरा चारा उपलब्ध कराया जा रहा है। समिति सदस्यों का कहना है कि गौ सेवा केवल धार्मिक भावना नहीं, बल्कि जीवों के प्रति संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का भी विषय है।समिति द्वारा “गौ माता : राष्ट्र माता” के संदेश के साथ गौ सेवा, गौ सम्मान एवं गौ संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। श्री विघ्नहर्ता परिवार ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान होने वाले सेवा कार्यों का उद्देश्य भक्ति को सेवा से जोड़ना और समाज में संवेदना एवं सहयोग की भावना को बढ़ाना है।

