आरंग: वार्ड क्रमांक 09 के पार्षद पुष्कर साहू की तत्परता और सक्रियता ने एक संभावित बड़ी दुर्घटना को समय रहते टाल दिया है। पार्षद की पहल पर नगर पालिका प्रशासन ने भागीरथी स्कूल के सामने वर्षों से जर्जर हालत में खड़े एक खतरनाक भवन को सुरक्षित रूप से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।

क्या था मामला..?

भागीरथी स्कूल के ठीक सामने स्थित यह जर्जर मकान लंबे समय से राहगीरों और स्कूली बच्चों के लिए मौत का सबब बना हुआ था। जर्जर हो चुकी दीवारें और छत कभी भी भरभराकर गिर सकते थे। स्कूल जाने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों, उनके अभिभावकों और दैनिक रूप से वहां से गुजरने वाले नागरिकों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में हमेशा भय का माहौल बना रहता था।

पार्षद ने की पहल, प्रशासन ने लिया त्वरित संज्ञान

पार्षद पुष्कर साहू ने मामले की गंभीरता को समझते हुए, कुछ दिन पूर्व ही नगर पालिका परिषद को एक ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने इस जर्जर ढांचे को तत्काल हटाने की पुरजोर मांग की थी। पार्षद की इस सक्रियता का सकारात्मक परिणाम सामने आया और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन के निर्देश तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी राम सजीवन सोनवानी के मार्गदर्शन में नगर पालिका के अमले ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर कार्रवाई करते हुए उक्त भवन को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त कर दिया।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय नागरिकों ने पार्षद पुष्कर साहू की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने जनहित और बच्चों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते यह पहल नहीं की जाती, तो किसी भी दिन कोई बड़ी अनहोनी घट सकती थी। पार्षद की इस पहल ने न केवल छात्रों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित किया, बल्कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय का एक बेहतरीन उदाहरण भी पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!