आरंग: आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोथली में शॉर्ट सर्किट के कारण एक मकान के कमरे में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 58 वर्षीय पिता की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई, जबकि पिता को बचाने के प्रयास में बेटा भी गंभीर रूप से आग की लपटों में झुलस गया।

शॉर्ट सर्किट बना हादसे का कारण

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भोथली निवासी अमृत लोधी (58 वर्ष) के मकान के एक कमरे में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त कमरे में मौजूद अमृत लोधी को संभलने का मौका नहीं मिला और वे आग की लपटों में घिर गए।

पिता को बचाने में बेटा हुआ घायल

पिता को आग से घिरा देख उनके बेटे खिलेश्वर लोधी ने अपनी जान की परवाह न करते हुए उन्हें बचाने और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान खिलेश्वर भी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस और डायल 112 की टीम पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और आरंग पुलिस की टीम बिना किसी देरी के मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पहुंच रही है। टीम की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!