सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड पहुँचकर ‘प्रधानमंत्री आवास गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन’ की तैयारियों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दिए कड़े निर्देश


प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने निरीक्षण के दौरान मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों, लखपति दीदियों, पंचायत पदाधिकारियों और आमजनों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सक्ती के लिए गौरवशाली क्षण: गुरु खुशवंत साहेब

स्थल निरीक्षण के बाद प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन जिले के लिए अत्यंत गौरवशाली और ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में यह आयोजन पूर्ण सफलता के साथ संपन्न होगा।
11 सितंबर को सजेगा मंच: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और CM विष्णु देव साय होंगे शामिल

ग्राम जेठा के कॉलेज ग्राउंड में 11 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 1:00 बजे से आयोजित होने वाले इस विशाल सम्मेलन में दिग्गज राजनीतिक हस्तियों का जमावड़ा रहेगा।
मुख्य अतिथि: केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान
अध्यक्षता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
अति विशिष्ट अतिथि: केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव
विशिष्ट अतिथि: प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, सक्ती के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक रामकुमार यादव, विधायक बालेश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चन्द्रा, जनपद पंचायत अध्यक्ष नीतू ऋषि राय एवं ग्राम पंचायत जेठा की सरपंच सुशीला चन्द्रा।
इस सम्मेलन में सैकड़ों हितग्राही अपने पक्के मकानों में गृह प्रवेश करेंगे, साथ ही स्वावलंबी बन चुकीं लखपति दीदियों और पंचायत पदाधिकारियों का विशेष सम्मान किया जाएगा। कलेक्टर सक्ती एवं पूरा प्रशासनिक अमला कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जुटा हुआ है।

