आरंग: देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाए जा रहे गणेशोत्सव की श्रृंखला में स्थानीय गांधी इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल में भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना से परिपूर्ण भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा की स्थापना के बाद से लगातार जारी पूजा-अर्चना के क्रम में विशेष सामूहिक महाआरती एवं भव्य छप्पन भोग का आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्सव के रंग में डूबा नजर आया।

सामूहिक महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब उत्सव के विशेष दिवस पर आयोजित महाआरती में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीपों की रोशनी और धूप-अगरबत्ती की सुगंध से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं के एक स्वर में गूंजते “जय गणेश देवा” के उद्घोष से विद्यालय परिसर गुंजायमान हो गया।

56 भोग का भव्य प्रसाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीगणेश को अर्पित किया गया ‘छप्पन भोग’ रहा। श्रद्धालुओं द्वारा निर्मित एवं संकलित विभिन्न प्रकार के मिष्ठान, पारंपारिक व्यंजन, फलाहार और मौसमी फल प्रथम पूज्य देव को श्रद्धाभाव से अर्पित किए गए। महाआरती के उपरांत विद्यार्थियों ने सुमधुर भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे उपस्थित सभी लोग भक्ति रस में सराबोर हो गए।

आयोजन पर गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल के संचालक यशवंत चतुर्वेदी ने कहा कि “गणेश उत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन मात्र नहीं है, बल्कि यह हमें सामाजिक एकता, अनुशासन और आपसी सहयोग की सीख देता है। जब विद्यार्थी और शिक्षक मिलकर इस प्रकार के सांस्कृतिक उत्सव मनाते हैं, तो यह विद्यालय परिवार की सामूहिक शक्ति और हमारी जीवंत संस्कृति का सुंदर प्रतीक प्रस्तुत करता है।”

 वही विद्यालय के प्राचार्य हरेश कुमार दास ने कहा कि “विद्यालय परिसर में ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में धार्मिक, नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना है। यह गतिविधियां भावी पीढ़ी को अपनी भारतीय परंपराओं और जड़ों से जोड़े रखने में अहम भूमिका निभाती हैं।”

सफलतापूर्वक संपन्न हुआ आयोजन

कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यालय प्रबंधन की ओर से समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया। प्रबंधन ने कहा कि सभी के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग व निष्ठा से ही यह आयोजन अत्यंत भव्य और सफल बन सका। अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!