राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जुगेसर में एक महिला की नृशंस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। अज्ञात आरोपी ने महिला के सिर पर सीमेंट के खंभे (पोल) से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक (FSL) टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।यह घटना राजधानी में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है।

ग्रामीणों ने सुबह ग्राम जुगेसर में महिला का खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मृतका के सिर पर चोट के बेहद गंभीर और गहरे निशान हैं। मृतका की पहचान ग्राम जुगेसर में रहने वाली बसंती निषाद (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है।घटनास्थल का मुआयना करने पर पुलिस को खून से सने सीमेंट के पोल के दो टुकड़े बरामद हुए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने पोल से सिर पर वार कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।

FSL और डॉग स्क्वॉड की टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस, जिले के आला पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक विशेषज्ञों (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। क्राइम सीन को सील कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।आसपास के रास्तों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

राजधानी में बढ़ते अपराधों से दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल

रायपुर ग्रामीण और शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं, चाकूबाजी और हत्या के मामलों ने आम जनता को खौफ में डाल दिया है। दिनदहाड़े और बेखौफ अंदाज में हो रही इन वारदातों से पुलिस की गश्त और कानून-व्यवस्था के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन इस जघन्य हत्याकांड ने क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!