1857 की क्रांति की महान प्रणेता, अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की जयंती के पावन अवसर पर, आज पूरा आरंग शहर उत्साह और देशभक्ति के रंग में रंगा हुआ है। श्री हरदेव लोधी समाज परिक्षेत्र आरंग द्वारा आयोजित भव्य जयंती समारोह का आगाज थोड़ी देर में होने वाला है।
सेवा और कल्याण से शुरू होगी दिन की शुरुआत: रक्तदान और दंत शिविर
वीरांगना की जयंती को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए, सुबह 10 बजे से अवंती बाई चौक लोधी सभा भवन में निःशुल्क दंत चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जो दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसमें स्वस्तिक डेंटल केयर, आरंग के मुख्य चिकित्सक डॉ. यश गुप्ता मरीजों की दांतों की निःशुल्क जांच एवं परामर्श दे रहे हैं।
इसके साथ ही, अवंती चौक स्थित समारोह स्थल पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक सहारा ब्लड बैंक रायपुर के सौजन्य से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। रक्तदान करने वाले प्रत्येक रक्तवीर को “रक्तमित्र सम्मान” के रूप में सम्मान पत्र, उपहार तथा रेनकोट या हेलमेट देकर सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य समारोह और सम्मान कार्यक्रम
दिन के प्रथम चरण में लोधी समाज सामाजिक भवन प्रांगण में मुख्य कार्यक्रम और विचार गोष्ठी आयोजित होगी। इस दौरान वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के शौर्य व जीवन परिचय पर प्रकाश डाला जाएगा। समाज के प्रबुद्धजन सामाजिक उत्थान, शिक्षा, नारी सशक्तिकरण और युवा विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
कार्यक्रम में समाज के दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक और स्नातकोत्तर में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को उनके माता-पिता की उपस्थिति में प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
मुख्य आयोजन के बाद निकलेगी भव्य शोभायात्रा
मुख्य समारोह, विचार गोष्ठी और सम्मान कार्यक्रम संपन्न होने के पश्चात आरंग की सड़कों पर एक ऐतिहासिक और विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी।
प्रारंभ व समापन: अवंती चौक से प्रारंभ होकर पुनः अवंती चौक पर समाप्त।
भ्रमण मार्ग: लोधी पारा ➔ मछली चौक ➔ श्याम बाजार ➔ नेताजी चौक ➔ मेन रोड ➔ शीतला पारा ➔ साहू पारा ➔ केवशी लोधी पारा।
मुख्य आकर्षण: शोभायात्रा में धुमाल और डीजे की धुन के साथ रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, गरियाबंद और दुर्ग जिलों से आए हजारों सामाजिक जन शामिल होंगे।

