आरंग: कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के लगातार प्रयासों से एक बार फिर आरंग विधानसभा क्षेत्र के विकास को एक नई और तेज रफ्तार मिलने जा रही है। विभिन्न जन-कल्याणकारी कार्यों, सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आरंग विधानसभा के नगर पंचायत समोदा पहुंच रहे है।यह आयोजन आगामी 06 जुलाई 2026, दिन सोमवार को आयोजित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन की तिथि तय होते ही जिला प्रशासन तैयारियों में पूरी ताकत से जुट गया है।

मौसम के मिजाज और बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर किसी भी तरह का व्यवधान न हो, इसके लिए भव्य वॉटरप्रूफ डोम (Dom) की व्यवस्था की जा रही है, ताकि जनता और अतिथियों को कोई असुविधा न हो।

इस ऐतिहासिक और भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होकर आरंग विधानसभा की जनता को विकास कार्यों की बड़ी सौगात सौंपेंगे। इस अवसर पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब सहित शासन के कई मंत्रीगण और प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मंच साझा करेंगे।

सोमवार को होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत वाले महत्वपूर्ण विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी और पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण होगा। क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सेक्टर-17, कोटराभाठा में 1,800.00 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 100 बिस्तर अस्पताल का भूमिपूजन किया जाएगा।क्षेत्र की सड़कों और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए 6,110.62 लाख रुपये की लागत से 8 नए कार्यों का भूमिपूजन और 942.71 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 3 कार्यों का लोकार्पण होगा।नगर पालिका आरंग में 477.90 लाख रुपये के 39 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं नगर पंचायत समोदा में 869.80 लाख रुपये के भूमिपूजन और 666.93 लाख रुपये के लोकार्पण कार्य शामिल हैं।ग्रामीण अंचलों के विकास के लिए 253.64 लाख रुपये के भूमिपूजन और 79.03 लाख रुपये के लोकार्पण कार्यों को हरी झंडी दिखाई जाएगी।

मुख्यमंत्री के आगमन और जिला प्रशासन की चुस्त-दुरुस्त तैयारियों को लेकर आरंग क्षेत्र की जनता और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है। इस कार्यक्रम को आरंग विधानसभा के चहुंमुखी विकास के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!