आरंग : छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री व आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब जी के मार्गदर्शन में आरंग के वरिष्ठ पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जगदलपुर प्रवास के दौरान बस्तर राजपरिवार के प्रमुख महाराजा कमलचंद्र भंजदेव से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस आत्मीय भेंट के दौरान दोनों प्राचीन क्षेत्रों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक ताने-बाने को सुदृढ़ करने पर गहन व सार्थक चर्चा हुई। महाराजा कमलचंद्र भंजदेव छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक बस्तर रियासत (काकतीय राजवंश) के वर्तमान प्रमुख और बस्तर राजपरिवार के मुखिया हैं। वे बस्तर के प्रसिद्ध एवं लोकप्रिय पूर्व महाराजा स्व. प्रवीरचंद्र भंजदेव की परंपरा और विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
“प्राचीन युद्धों में बस्तर ने निभाई थी आरंग के रक्षक की भूमिका” — महाराजा भंजदेव
चर्चा के दौरान महाराजा कमलचंद्र भंजदेव ने दोनों क्षेत्रों के सदियों पुराने संबंधों को याद करते हुए एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्य साझा किया। उन्होंने बताया कि “आरंग और बस्तर का संबंध केवल औपचारिक नहीं, बल्कि अत्यंत प्राचीन और ऐतिहासिक है। इतिहास के पन्नों में जब भी आरंग की भूमि पर युद्ध की स्थितियाँ उत्पन्न हुईं, तब-तब बस्तर की सेना ने आरंग की रक्षा और सहयोग के लिए कदम बढ़ाया था।” उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि इतिहास की यह अटूट डोर आज भी दोनों क्षेत्रों को आपस में जोड़ती है।

राजा मोरध्वज की नगरी आरंग आने का निमंत्रण सहर्ष स्वीकार
मुलाकात के दौरान पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने महाराजा कमलचंद्र भंजदेव को दानवीर राजा मोरध्वज की ऐतिहासिक नगरी आरंग आने का भावभीना निमंत्रण दिया। महाराजा भंजदेव ने इस न्योते को सहर्ष स्वीकार करते हुए आश्वस्त किया कि वे जल्द ही आरंग की पावन धारा पर आयोजित होने वाले प्रमुख सांस्कृतिक कार्यक्रमों और राजा मोरध्वज से जुड़े आयोजनों में शामिल होंगे।
सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने इस मुलाकात को केवल एक शिष्टाचार भेंट न मानकर, बस्तर और आरंग के मध्य सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों का नया अध्याय बताया। पत्रकारों ने कहा कि मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन के कारण ही यह ऐतिहासिक संवाद संभव हो सका है, जिससे भविष्य में दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल में ये पत्रकार रहे उपस्थित
इस गरिमामयी और आत्मीय मुलाकात के दौरान आरंग के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों की सम्मानजनक उपस्थिति रही। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से रोशन चंद्राकर, रामकुमार गुप्ता, विनोद गुप्ता, वीरेंद्र वर्मा, डागेश यादव,टुकेश्वर (टिक्कू) लोधी, विनय साहू, तिलक देवांगन, मोहन साहू, सोमन साहू,देवेंद्र निराला, विनोद साहू, शुभम साहू, अंकित साहू एवं दीपक मूर्ति सहित अन्य पत्रकार साथी शामिल रहे।

