मुख्य अतिथि छग चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा ने फर्नीचर के लिए ₹50,000 की राशि स्वीकृत की और भूमि आवंटन का दिया आश्वासन

 

पार्षद नरेंद्र लोधी और गोलू वीरेंद्र कंडरा ने खेलकूद व विज्ञान सामग्री के लिए ₹1 लाख की पार्षद निधि देने की घोषणा की

 

आरंग के स्थानीय सरस्वती ज्ञान दीप विद्यालय में नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने के अवसर पर ‘शाला प्रवेश उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवमयी समारोह में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया गया।

वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा) ध्रुव कुमार मिर्धा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नोडल प्राचार्य श्रीमती सरोजनी केरकेट्टा ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पार्षद नरेंद्र लोधी, पार्षद संतोष लोधी, पार्षद वीरेंद्र गोलू कंडरा, भाजपा महामंत्री राकेश सोनकर, पूर्व पार्षद चैतराम पाल एवं पत्रकार टुकेश्वर लोधी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती सुमन लता योगी व सहयोगियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और गीतांजली निषाद व साथियों द्वारा गाए गए स्वागत गीत से हुआ। प्रधान पाठिका श्रीमती देवकुमारी यादव ने अपने स्वागत उद्बोधन में बच्चों को नव-प्रवेश की बधाई देते हुए उन्हें लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रतिभाओं का सम्मान और छात्र संगठन का शपथ ग्रहण

इस अवसर पर विद्यालय की बड़ी उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया गया।

शैक्षणिक उत्कृष्टता: कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा में जिला व विकासखंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं (श्रेया चंद्राकर, मुस्कान चंद्राकर, राहुल विश्वकर्मा सहित 12 विद्यार्थियों) को मेडल देकर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक ज्ञान परीक्षा: संस्कृति ज्ञान परीक्षा में जिला स्तर पर स्थान बनाने वाले 7 छात्र-छात्राओं को भी मेडल प्रदान किए गए।

नकद प्रोत्साहन: सेवानिवृत्त शिक्षक श्री जगन्नाथ योगी द्वारा कक्षा पहली से आठवीं में प्रथम आने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि देकर पुरस्कृत किया गया।

योजना लाभ: आर.टी.ई. के तहत प्रवेशित बच्चों को शासन की योजना के तहत निःशुल्क गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं।

समारोह के दौरान स्कूल के नवनियुक्त छात्र संगठन के पदाधिकारियों—शाला नायक खिलेश्वरी यादव, उपशाला नायक नेमा लोधी सहित क्रीड़ा, अनुशासन, विज्ञान एवं सांस्कृतिक सचिवों को बैच लगाकर उनके कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई।

विद्यालय के विकास हेतु बड़ी घोषणाएं

समारोह में शिक्षक उमेश नाथ योगी द्वारा अतिथियों के समक्ष विद्यालय की बुनियादी आवश्यकताओं जैसे भूमि आवंटन, खेल व विज्ञान सामग्री तथा फर्नीचर की मांग रखी गई। इस पर अतिथियों ने त्वरित कदम उठाते हुए विद्यालय को बड़ी सौगातें दीं।

मुख्य अतिथि ध्रुव कुमार मिर्धा ने बच्चों को मोबाइल के उपयोग से बचने की सलाह देते हुए अपनी विकास निधि से ₹50,000 रुपए फर्नीचर के लिए घोषणा किए, साथ ही विद्यालय के लिए भूमि आवंटन में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

पार्षद नरेंद्र लोधी एवं पार्षद वीरेंद्र गोलू कंडरा ने विद्यालय में खेल और विज्ञान सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अपनी पार्षद निधि से ₹50-50 हजार रुपए (कुल ₹1,00,000) की बड़ी राशि देने की घोषणा की।

अध्यक्षता कर रही श्रीमती सरोजनी केरकेट्टा ने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए जीवन में हमेशा नशामुक्त रहने का संकल्प दिलाया।

सराहनीय योगदान और आभार

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिका छाया यादव, दीपमाला पटेल, मोनिका लोधी, मधुरिमा सेन, अनिता यादव, कुसुम यादव, भावना साहू और दीपिका जलक्षत्री का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन और अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शन श्रीमती सुनीता लोधी द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!