धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब जी के सानिध्य में जुटे देशभर के श्रद्धालु, भण्डारपुरी धाम में बिखरी आध्यात्मिक छटा
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने गुरुगद्दी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
भण्डारपुरी धाम : परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी की पवित्र कर्मभूमि भण्डारपुरी धाम स्थित गुरुद्वारा में इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा महापर्व, गुरु अमरदास बाबा जयंती एवं चौका मंगल भजन का भव्य आयोजन पूर्ण श्रद्धा, आस्था एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।
यह गरिमामय कार्यक्रम समाज के आदेशक एवं मार्गदर्शक राजागुरु धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब जी के पावन सानिध्य में आयोजित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के अनुसूचित जाति विकास, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब (जिनका यह गृहग्राम एवं निवास स्थान भी है) ने परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी एवं बालब्रह्मचारी, सतधारी, तपस्वी आध्यात्मिक गुरु अमरदास बाबा जी का स्मरण करते हुए गुरुगद्दी की विधिवत पूजा-अर्चना की और समस्त मानव समाज के कल्याण एवं समृद्धि की कामना की।

प्रमुख आकर्षण एवं कार्यक्रम:
महाप्रसाद वितरण व पंथी नृत्य: पूजा-अर्चना के उपरांत कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने श्रद्धालुओं के बीच खीर प्रसादी का वितरण किया। तत्पश्चात उन्होंने गुरु परिवार एवं समाजजनों के साथ पारम्परिक पंथी नृत्य कर बाबा जी को नमन किया।
अटूट आस्था का केंद्र: आयोजन के दौरान संत-महंतों, पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सतनाम धर्म की गुरु परंपरा के प्रति अटूट आस्था का अनुपम दृश्य देखने को मिला।
गुरु संदेश एवं आशीर्वचन:
“गुरु घासीदास बाबा जी का ‘मनखे-मनखे एक समान’ का अमर संदेश मानवता, समानता, सत्य, अहिंसा एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गुरु परंपरा के आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर प्रेम, भाईचारे और सेवा भाव से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।”
— धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब जी

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने अपने संबोधन में कहा:
“भण्डारपुरी धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, आध्यात्मिक ऊर्जा और मानवता का प्रेरणा केंद्र है। गुरु पूर्णिमा का यह पावन पर्व हमें अपने गुरुजनों के बताए सत्य, सेवा, समरसता एवं सदाचार के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।”

गरिमामयी उपस्थिति:
आयोजन में गुरु माता प्रवीण माता जी, सतधारी गुरु सोमेश बाबा जी, जिला पंचायत सभापति गुरु सौरभ साहेब जी, गुरु परिवार के सदस्य, समस्त दिवान परिवार, राजमहंत, जिलामहंत, सेक्टरमहंत, भंडारी, छड़ीदार, अखिल भारतीय सतनाम सेना (छत्तीसगढ़) के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, सतनाम आध्यात्मिक शक्ति परिवार, संत समाज सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गुरु वंदना, मंगल भजन एवं महाप्रसादी वितरण के साथ हुआ। संपूर्ण भण्डारपुरी धाम दिनभर भक्ति, आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक समरसता के वातावरण से गुंजायमान रहा।

