आरंग:छत्तीसगढ़ में संत परंपरा के सम्मान और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों का समाज के विभिन्न वर्गों में व्यापक स्वागत हो रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा) ध्रुव कुमार मिर्धा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती पर ली गई 5 बड़ी एवं ऐतिहासिक घोषणाओं के लिए उनके प्रति धन्यवाद व आभार प्रकट किया। प्रतिनिधिमंडल में चर्म शिल्पकार, वंचित वर्ग एवं रविदास समाज के प्रमुख पदाधिकारी शामिल थे। इस दौरान बोर्ड अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा ने मुख्यमंत्री को औपचारिक आभार पत्र भी सौंपा।

माघी पूर्णिमा पर अवकाश और मांस-मदिरा पर रोक का फैसला

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान ध्रुव कुमार मिर्धा ने कहा कि संत रविदास जी की जयंती (माघी पूर्णिमा) के अवसर पर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा और इस पवित्र दिन पूरे प्रदेश में मांस एवं मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध का फैसला ऐतिहासिक है। इससे न केवल संत परंपरा के प्रति आदर भाव प्रकट होता है, बल्कि समाज में नैतिक व सांस्कृतिक चेतना का विस्तार भी होता है।

विधानसभा से लेकर नवा रायपुर तक संत रविदास जी की छाप

सरकार द्वारा घोषित 5 प्रमुख निर्णयों में शामिल हैं: 

सार्वजनिक अवकाश: माघी पूर्णिमा (संत रविदास जयंती) पर प्रदेशभर में शासकीय अवकाश।

पूर्ण शुचिता का निर्णय: जयंती के दिन राज्यभर में मांस-मदिरा दुकानों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध।

राज्य स्तरीय पुरस्कार: संत रविदास जी के नाम पर ‘राज्य अलंकरण सम्मान’ प्रारंभ करने की घोषणा।

प्रमुख चौक का नामकरण: नवा रायपुर स्थित प्रमुख चौक का नामकरण संत रविदास जी के नाम पर किया जाना।

विधानसभा में संदेश: छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में संत रविदास जी के सामाजिक समरसता से जुड़े अमर संदेशों को अंकित कराना।

“अंतिम व्यक्ति तक पहुँचा सांस्कृतिक गौरव: ध्रुव कुमार मिर्धा”

पत्रकारों से चर्चा करते हुए ध्रुव कुमार मिर्धा ने कहा, “राज्य सरकार का यह कदम समाज के अंतिम व्यक्ति के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक स्वाभिमान की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। सुशासन की इस व्यवस्था में संतों के सम्मान से समूचा रविदास समाज अभिभूत है।”

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार की यह पहल प्रदेश में सामाजिक सद्भाव को एक नई ऊँचाई प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!