आरंग: धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी आरंग में 25 सितंबर दिन शुक्रवार की रात भगवान श्री गणेश की भव्य विसर्जन शोभायात्रा एवं आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। श्रद्धालुओं के उत्साह और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह शोभायात्रा गायत्री मंदिर से प्रारंभ होगी और नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए पंडरी तालाब पहुंचेगी, जहाँ भक्तिमय माहौल में प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
टोकन सिस्टम से नियंत्रित होगी झांकियों की कतार: विसर्जन प्रक्रिया को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने एक विशेष टोकन व्यवस्था लागू की है। सभी गणेश उत्सव समितियों को टोकन जारी किए जाएंगे। प्रत्येक झांकी और शोभायात्रा अपने आवंटित टोकन क्रम के अनुसार तयशुदा रूट से ही आगे बढ़ेगी, जिससे यातायात और भीड़ नियंत्रण में कोई बाधा न आए।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: असामाजिक तत्वों की धरपकड़ तेज: शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरंग पुलिस तथा प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। आरंग व आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है।
प्रशासन की चेतावनी: विसर्जन शोभायात्रा के दौरान शांति भंग करने का प्रयास करने वाले उपद्रवियों पर तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शोभायात्रा के लिए प्रशासन के सख्त दिशा-निर्देश
डीजे (DJ) साउंड System पूर्णतः प्रतिबंधित: सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य है। नियम उल्लंघन पर साउंड सिस्टम ज़ब्त कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई होगी।
नशे व शराब पर रोक: शोभायात्रा में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हथियार व सुरक्षा: किसी भी प्रकार के धारदार हथियार या नुकीली वस्तुएं ले जाने पर पूरी तरह से मनाही है।
कीमती आभूषण: श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि भीड़-भाड़ को देखते हुए वजनी गहने, कड़े या कीमती सामान पहनकर आने से बचें।
शांतिपूर्ण आयोजन के लिए अपील: प्रशासनिक अधिकारियों ने नगर की सभी गणेश उत्सव समितियों और नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण माहौल में उत्सव मनाने की अपील की है।
पुलिस बल की तैनाती प्रमुख चौराहों, तंग रास्तों और विसर्जन स्थल पंडरी तालाब पर रहेगी ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के बप्पा को भावभीनी विदाई दे सकें।

