शासकीय बद्रीप्रसाद लोधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आरंग में 23 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाले ‘दीक्षारंभ एवं लोकार्पण कार्यक्रम’ के आमंत्रण पत्र से दानदात्री प्रतिनिधि स्व. बद्रीप्रसाद लोधी की धर्मपत्नी श्रीमती दुकलहीन बाई लोधी का नाम गायब होने से उठे विवाद का असर अब स्पष्ट रूप से देखने को मिला है।
मामले की गंभीरता, लोधी समाज के भारी विरोध और कांग्रेस पार्टी द्वारा सौंपे गए कड़े ज्ञापन के बाद महाविद्यालय प्रबंधन ने गलती सुधारी है और उन्होंने दानदात्री का नाम ससम्मान शामिल करते हुए नया आमंत्रण पत्र जारी कर दिया है।
लोधी समाज ने जताई थी कड़ी आपत्ति
विवाद की शुरुआत तब हुई जब महाविद्यालय प्रशासन द्वारा छापे गए पहले निमंत्रण पत्र में दानदात्री प्रतिनिधि दुकलहीन बाई लोधी का नाम शामिल नहीं किया गया था। इस पर लोधी समाज ने कड़ा रुख अपनाया। समाज के अध्यक्ष शैलेन्द्र लोधी, उपाध्यक्ष टुकेश्वर लोधी, सांसद प्रतिनिधि सूरज लोधी, और पार्षद संतोष लोधी ने प्राचार्य डॉ. अभया रा. जोगलेकर से मिलकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। समाज का कहना था कि पूर्व की परंपरा के अनुसार महाविद्यालय के हर छोटे-बड़े आधिकारिक कार्यक्रमों के कार्ड में दानदात्री का नाम मुद्रित किया जाता रहा है। जिन दानदाताओं के त्याग, सहयोग और भूमि पर संस्थान खड़ा है, उनकी उपेक्षा समाज को स्वीकार्य नहीं है।
कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, विरोध की दी चेतावनी
खबर के सार्वजनिक होने के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया। शहर/मंडल कांग्रेस के प्रतिनिधियों द्वारा 22 सितम्बर 2026 को महाविद्यालय की प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया कि महाविद्यालय द्वारा दानदात्री का नाम न छापना गंदी राजनीतिक मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस ने मांग की कि संशोधित कार्ड में दानदात्री का नाम ससम्मान जोड़कर नया कार्ड छपवाया जाए और पहला निमंत्रण पत्र दानदात्री परिवार को सौंपकर ससम्मान आमंत्रित किया जाए। ऐसा न करने पर कार्यक्रम के विरोध और किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए महाविद्यालय प्रमुख को जिम्मेदार ठहराने की चेतावनी दी गई थी।
महाविद्यालय प्रबंधन ने सुधारी गलती, नया कार्ड जारी 
लोधी समाज के आक्रोश और कांग्रेस पार्टी के चौतरफा दबाव को देखते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने अपनी गलती में सुधार किया है। जारी किए गए नए आमंत्रण कार्ड में अतिथियों की सूची में श्रीमती दुकलहीन बाई लोधी (दानदात्री) का नाम ससम्मान मुद्रित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 23 सितम्बर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा अध्यक्षता तथा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। नया कार्ड जारी होने से लोधी समाज और स्थानीय नागरिकों का आक्रोश शांत हुआ है।

