रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में जापान के एहिमे विश्वविद्यालय (मात्सुयामा) के 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का भव्य एवं गरिमामयी स्वागत किया गया। यह प्रतिनिधिमंडल 12 से 14 सितंबर 2026 तक आयोजित “विद्यार्थियों के शैक्षणिक, शिक्षण एवं सांस्कृतिक भ्रमण” कार्यक्रम में हिस्सा लेने रायपुर पहुंचा है। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर संस्थान के प्रतिनिधियों ने जापानी मेहमानों की गर्मजोशी से आगवानी की। संस्थान के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव के मार्गदर्शन में इस तीन दिवसीय आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भारत-जापान मैत्री

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर एनआईटी रायपुर में विशेष स्वागत एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य भारत और जापान के बीच शैक्षणिक, सांस्कृतिक और मैत्रिपूर्ण संबंधों को और मजबूत बनाना था। समारोह में एनआईटी के ‘रागा म्यूजिक क्लब’ ने सितार पर “पधारो म्हारे देश” की सुमधुर धुन प्रस्तुत कर सबका दिल जीत लिया। वहीं ‘नृत्यम क्लब’ के कलाकारों ने “ग्रेस ऑफ भरतनाट्यम” के जरिए भारतीय शास्त्रीय नृत्य की सौंदर्य और ऊर्जा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके जवाब में एहिमे विश्वविद्यालय के जापानी विद्यार्थियों ने भी मनमोहक गीत प्रस्तुत कर दोनों देशों की अटूट सांस्कृतिक सांझ को प्रदर्शित किया।

ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों पर जोर

स्वागत संबोधन में निदेशक प्रभारी डॉ. समीर बाजपेयी ने जापानी भाषा में मेहमानों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा, “भारत और जापान के संबंध केवल आर्थिक या राजनीतिक नहीं हैं, बल्कि बौद्ध धर्म और साझा विरासत के ऐतिहासिक ताने-बाने से जुड़े हैं। भारतीय बौद्ध भिक्षु बोधिसेन का जापान प्रवास इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।” उन्होंने टोयोटा और सुजुकी जैसी कंपनियों के माध्यम से बढ़ते व्यापारिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से दोनों देशों के युवाओं के बीच आपसी समझ और सहयोग गहरा होगा।

वहीं, प्रतिनिधिमंडल प्रमुख एवं एहिमे विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अकीरा यामानाका ने आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत आकर यहां के लोगों, परंपराओं और समृद्ध संस्कृति को करीब से जानने का यह अवसर उनके लिए बेहद खास है।

वरिष्ठ अधिकारियों और प्राध्यापकों की मौजूदगी

इस अवसर पर एनआईटी रायपुर के कॉरपोरेट रिलेशन एंड रिसोर्स मोबिलाइजेशन डीन डॉ. एस. सान्याल, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डीन डॉ. जी.डी. रामटेककर, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मनोज कुमार चोपकर, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष व कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक डॉ. दिलीप सिंह सिसोदिया सहित भारी संख्या में फैकल्टी मेंबर्स और शोधार्थी-छात्र उपस्थित रहे।

आगामी कार्ययोजना

तीन दिवसीय आयोजन के आगामी चरणों में जापानी दल एनआईटी रायपुर के साइंस प्रोग्राम, विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और स्टार्टअप इकोसिस्टम का जायजा लेगा। साथ ही रायपुर व आसपास के प्रमुख शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!