श्री सार्वजनिक नवदुर्गात्सव समिति महामाया पारा (बड़ी दुर्गा माँ) में पंचमी के पावन पर्व पर अनुज शर्मा का विशेष जगराता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम समिति के संरक्षक कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब के मार्गदर्शन में कराया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए दीपक सोनी द्वारा अपने निजी खर्च से नगर भर में फ्लेक्सी (होर्डिंग्स) लगवाए गए थे। इन फ्लेक्सी में कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा, समिति के अध्यक्ष लल्ला साहनी और दीपक सोनी की तस्वीरें छपी थीं।
तस्वीर न होने पर दुर्भावनापूर्वक फ्लेक्सी हटाने का आरोप

समिति के पदाधिकारियो का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष संदीप जैन, जो स्वयं समिति के संरक्षक हैं, ने फ्लेक्सी में स्वयं की फोटो न होने के कारण दुर्भावनावश सभी फ्लेक्सी निकलवा दिए। बताया जा रहा है कि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा समिति के सदस्यों को शाम 5 बजे तक का अल्टीमेटम दिया गया था। जब समिति के सदस्य मूर्ति लाने के लिए नवागाँव गए हुए थे, उसी दौरान उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर यह फ्लेक्सी हटवा दिए गए।
गौरवपथ में लगे लगभग 50 से अधिक प्लेक्स को नगर पालिका अध्यक्ष के आदेश पर हटाया गया: आयोजक समिति 
समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बताया कि 15 अक्टूबर के आयोजन को पद्मश्री अनुज शर्मा के भव्य जगराता कार्यक्रम को लेकर पूरे नगर और आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल है।समिति द्वारा आयोजन के प्रचार प्रसार में किसी प्रकार की कमी न हो इसके लिए लाउडस्पीकर और होल्डिंग्स और प्लेक्स के माध्यम से प्रचार प्रसार किया जा रहा है। आरंग नगर के गौरवपथ में श्रीराम तिराहा से तहसील कार्यालय तक स्ट्रीट लाइट के खंभों में लगभग 50 से अधिक प्लेक्स लगाए गए थे।समिति का आरोप है कि सभी प्लेक्स को दुर्भावनावश नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संदीप जैन के आदेश पर नगर पालिका के कर्मचारियों द्वारा हटाया गया है।
नगरवासियों और समिति में भारी आक्रोश

हर वर्ष जगराता कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार पूरे नगर में फ्लेक्सी लगाकर किया जाता है। इस वर्ष भी धार्मिक आयोजन के प्रचार होर्डिंग्स को हटाए जाने से नगर की जनता में भारी रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यह नगर की सबसे बड़ी देवी माँ के कार्यक्रम का अनादर व तिरस्कार है।कम से कम इस पर तो राजनीति नहीं होनी चाहिए। स्थानीय निवासियों एवं समिति के सदस्यों ने नगर पालिका अध्यक्ष के इस कृत्य को अशोभनीय,निंदनीय और नगर के लिए शर्मनाक बताया है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने व्यस्तता का दिया हवाला,उनका पक्ष आना बाकी

वही इस पूरे मामले में जब हमने नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संदीप जैन से मोबाइल के माध्यम से उनका पक्ष लेना चाहा तो उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए मामले में बाद में पक्ष रखने की बात कही है।अब देखना होगा कि नवरात्रि के पहले ही दिन धर्मनगरी आरंग का माहौल गरमाने के बाद उनकी तरफ से क्या प्रतिक्रिया आती है।लेकिन इस घटना ने पूरे नगर में धार्मिक और राजनीतिक मुद्दे को हवा दे दी है जो किस करवट बैठेगा ये आने वाला वक्त ही बताएगा।

