ऐतिहासिक नगरी आरंग के पंडित दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर माँ जगदम्बा के प्रथम स्वरूप ‘माँ शैलपुत्री’ का भव्य स्वागत किया गया। नवदुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान एवं नव जागृति महिला समिति के विशेष सहयोग से कॉलोनी में एक गरिमामय एवं भक्तिमय कलश यात्रा निकाली गई।कलश यात्रा का शुभारंभ स्थानीय नर्मदेश्वर नाथ महादेव मंदिर से हुआ। इसमें नव जागृति महिला समिति की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में अपने सिर पर सुसज्जित एवं शुभ कलश धारण कर हिस्सा लिया। भक्तिमय जयकारों और भजनों के बीच कलश यात्रा ने संपूर्ण कॉलोनी का भ्रमण (परिक्रमा) किया। तत्पश्चात यात्रा का समापन मुख्य दुर्गा पंडाल स्थल पर हुआ। यात्रा के समापन के बाद दुर्गा पंडाल में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वेदी पूजन कर माता रानी की प्रतिमा की विधिवत स्थापना की गई। संध्या काल में महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए। कार्यक्रम के अंत में नवदुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष अशोक साहू ने कलश यात्रा में शामिल सभी महिलाओं का सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नवदुर्गा उत्सव समिति के समस्त पदाधिकारी, नव जागृति महिला समिति का महिला मंडल, विकास समिति एवं गणेशोत्सव समिति के प्रमुख पदाधिकारी व कॉलोनीवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

