आरंग: त्योहारों की आड़ में नशा फैलाने वाले असामाजिक तत्वों और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ आरंग पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर क्षेत्र की शांति व्यवस्था में खलल डालने की कोशिश कर रहे अपराधियों पर आरंग पुलिस का करारा प्रहार हुआ है। थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू के कुशल नेतृत्व में चलाई गई इस ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान ने अवैध नशे के सौदागरों की कमर तोड़ दी है।
सघन चेकिंग अभियान: आरंग पुलिस के हत्थे चढ़े दो शराब तस्कर
त्योहार के दौरान क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू के निर्देशन में आरंग पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पूरे थाना क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस की सतर्कता से दो अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर दो आरोपियों से अवैध देशी मसाला शराब बरामद की गई। आरंग में घेराबंदी कर पुलिस ने शीतला पारा निवासी दिले पाल नामक आरोपी को रंगे हाथों दबोचा। आरोपी के कब्जे से 18 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की गई। इसके अलावा, शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया।इसके बाद आरंग पुलिस ने रेड मारकर ग्राम रसनी निवासी जेठू राम बंजारे को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से 15 पौवा अवैध शराब बरामद हुई।
आरंग पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ 34(1)(B) आबकारी एक्ट के तहत सख्त मामला दर्ज कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

अपराधियों में खौफ, आरंग पुलिस की सीधी चेतावनी
महज एक हफ्ते पहले ही आरंग पुलिस थाना की कमान संभालने वाले थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू ने कड़े शब्दों में अपराधियों और असामाजिक तत्वों को खुली चेतावनी दी है कि आरंग क्षेत्र में कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
“आरंग क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और भाईचारा कायम रखना हमारी पहली प्राथमिकता है। नशे के सौदागरों, जुआरियों और आपराधिक रिकॉर्ड वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। अवैध कारोबारियों के खिलाफ आरंग पुलिस का यह सख्त अभियान रुकने वाला नहीं है, यह आगे और भी आक्रामक रूप से जारी रहेगा।”
नरेश कुमार साहू (थाना प्रभारी, आरंग)
जनता में राहत, तस्करों में हड़कंप
रक्षाबंधन से ठीक पहले आरंग पुलिस की इस आक्रामक कार्रवाई से जहां एक तरफ अवैध शराब माफियाओं और अपराधियों के हौसले पस्त हो गए हैं, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय नागरिकों ने आरंग पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की है। पुलिस के इस सख्त रुख से स्पष्ट है कि क्षेत्र में अपराध करने वालों की अब खैर नहीं।

