आरंग: ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन और आध्यात्मिक अवसर पर स्थानीय लक्ष्मी विहार कॉलोनी में जन-कल्याण, प्रदेश की समृद्धि तथा आगामी खरीफ सीजन में अच्छी वर्षा की कामना को लेकर एक भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। परमेश्वर महादेव मंदिर के समीप स्थित श्रीधाम में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

यह पूरा आयोजन प्रख्यात भगवताचार्य सत्यम पंडित छत्रधर दीवान के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। लोक मंगल और विश्व कल्याण की भावना से ओतप्रोत इस अनुष्ठान के मुख्य यजमान स्वयं पंडित सत्यम दीवान थे।धार्मिक अनुष्ठान को पूर्ण विधि-विधान और वैदिक रीति-नीति से संपन्न कराने में आचार्य पंडित जगन्नाथ तिवारी, पंडित बद्रीनाथ तिवारी और अमन महाराज की मुख्य भूमिका रही। विद्वान पंडितों के सानिध्य में सबसे पहले भगवान शिव के महामृत्युंजय मंत्रों का जाप किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। इसके पश्चात, प्रदेश में उत्तम वृष्टि (अच्छी बारिश) और सुख-शांति की कामना के साथ भगवान भोलेनाथ का विशेष शिव अभिषेक व रुद्राभिषेक किया गया। 1 जुलाई को आयोजित इस पुण्य और भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन में मुख्य रूप से अन्नू सोनी, लता पेठे, किरण दीवान, सन्नी देवदास और कमलेश पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम चरण में संध्या बेला को भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने मधुर भजनों पर झूमते हुए भगवान शिव की आराधना की। इसके पश्चात देवाधिदेव महादेव की मंगलमय महाआरती की गई। आरती के बाद समिति और यजमान की ओर से उपस्थित सभी भक्तों को बाबा का विशेष प्रसाद वितरित किया गया। इस धार्मिक आयोजन से पूरी लक्ष्मी विहार कॉलोनी और आसपास का क्षेत्र शिवमय नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!