आरंग नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन के खिलाफ सर्वसमाज लामबंद हो गया है। जगराता कार्यक्रम के फ्लेक्स (पोस्टर) को निकालकर कचरा वाहन में फेंकवाने का मामला अब काफी तूल पकड़ता जा रहा है। धार्मिक भावनाओं को आहत करने का गंभीर आरोप लगाते हुए सर्वसमाज ने नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और बुधवार, 14 अक्टूबर को ‘आरंग बंद’ का बड़ा आह्वान किया है। आपको बता दे कि आगामी 15 अक्टूबर को नगर में आयोजित जगराता कार्यक्रम के लिए लगाए गए फ्लेक्स में अपनी तस्वीर नहीं होने से नाराज होकर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने कर्मचारियों को उसे तत्काल हटाने का आदेश दिया था। इसके बाद कर्मचारियों द्वारा फ्लेक्स निकालकर सीधे कचरा गाड़ी में डाल दिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया।
पुलिस प्रशासन के रवैये से बढ़ा गुस्सा, थाने में हुई थी नारेबाजी

घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज न किए जाने से लोगों में गहरा असंतोष है। रविवार देर रात बड़ी संख्या में नगरवासी और समिति के पदाधिकारी आरंग थाना पहुंचे थे और जमकर नारेबाजी करते हुए FIR दर्ज करने की मांग की थी। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण नागरिकों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया है।
14 अक्टूबर को ‘आरंग बंद’, व्यापारी संघ का मिला समर्थन

अध्यक्ष के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, FIR दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर 14 अक्टूबर को ‘आरंग बंद’ घोषित किया गया है। इस बंद को ‘आरंग व्यापारी संघ’ ने भी अपना पूर्ण समर्थन दिया है, जिससे 14 अक्टूबर को नगर के बाजार पूरी तरह बंद रहने की संभावना है।

सर्वसमाज ने लिए दो बड़े कड़े फैसले:
सार्वजनिक व प्रशासनिक बहिष्कार: भविष्य में नगर पालिका अध्यक्ष के हर सार्वजनिक और प्रशासनिक कार्यक्रम का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।
अतिथि के रूप में आमंत्रण नहीं: नगर में आयोजित होने वाले किसी भी धार्मिक या सामाजिक कार्यक्रम में उन्हें बतौर अतिथि आमंत्रित नहीं किया जाएगा।
वर्तमान में इस घटना को लेकर क्षेत्र में भारी तनाव और जनआक्रोश का माहौल बना हुआ है। सर्वसमाज और स्थानीय नागरिक अब अध्यक्ष पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
क्या है मामला जानने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें..

