आरंग:-ग्राम जरौद (उमरिया) में इस वर्ष का गणेशोत्सव अत्यंत धूमधाम, श्रद्धा और भक्तिमय माहौल के साथ संपन्न हुआ। जय माँ कर्मा गणेशोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने भारी उत्साह और उमंग के साथ विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश को अंतिम विदाई दी।

धुमाल और डीजे की धुन पर थिरके युवा

विसर्जन से पूर्व गणेश प्रतिमा की एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को अत्यंत आकर्षक और मनमोहक ढंग से सजाया गया था। शोभायात्रा में गाँव के युवाओं, समिति के सदस्यों, महिलाओं और बुजुर्गों की भारी मौजूदगी रही। डीजे और धुमाल की गूंजती धुनों पर युवा झूमते-थिरकते नजर आए। पूरे मार्ग में ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण धर्ममय और ऊर्जावान हो उठा।

सुख-समृद्धि की कामना के साथ विधि-विधान से विसर्जन

शोभायात्रा गाँव के प्रमुख मार्गों से होती हुई विसर्जन स्थल पहुँची। यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। श्रद्धालुओं ने विघ्नहर्ता से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छी फसल व खुशहाली की मंगल कामना की। इसके पश्चात पंडितों के सानिध्य में पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणेश प्रतिमा का जल में विसर्जन किया गया।

समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी ग्रामीणों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। विसर्जन के समय कई श्रद्धालुओं की आँखें नम भी दिखाई दीं, लेकिन अगले वर्ष बप्पा के पुनः आगमन की उम्मीद और उत्साह के साथ उत्सव का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!