आरंग: शासकीय प्राथमिक विद्यालय संडी में शनिवार का दिन संवेदना, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक उत्साह का अनोखा संगम बना। स्कूल की शिक्षिका बिन्नी पटेल ने अपने स्वर्गीय पिता श्री रमेश पटेल की पुण्यतिथि के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए एक भव्य ‘न्यौता भोज’ का आयोजन किया। इसके साथ ही शाला परिसर में पर्यावरण जागरूकता का संदेश देने के लिए ‘ग्रीन डे’ मनाकर विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण भी किया गया।
न्यौता भोज में बच्चों को परोसा गया मनपसंद व्यंजन
अपने पिता की स्मृति को चिरस्थायी बनाने और बच्चों के प्रति अपना स्नेह प्रकट करने के लिए शिक्षिका बिन्नी पटेल द्वारा आयोजित न्यौता भोज में विद्यार्थियों को विशेष रूप से खीर और पूरी परोसी गई। अपनी पसंद का स्वादिष्ट पकवान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और पूरा वातावरण उत्साह से भर गया। भोज से पूर्व शाला परिवार और विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
‘हरियर छत्तीसगढ़’ की संकल्पना के साथ मनाया गया ‘ग्रीन डे’
‘हरियर छत्तीसगढ़’ के सपने को साकार करने और जनमानस को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के ध्येय से शाला परिसर में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। शिक्षकों और बच्चों ने मिलकर कनेर, गेंदा, नीम तथा आम सहित कई प्रजातियों के पौधे लगाए। इस अवसर पर बच्चों को वृक्षों के महत्व और उनकी देखभाल का संकल्प भी दिलाया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
ग्रीन डे के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पर्यावरण और लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के मनमोहक नृत्य और गीतों ने उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका भरपूर उत्साहवर्धन किया।
आयोजन में रहा इनका सराहनीय योगदान
इस गरिमामय एवं भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था प्रमुख पं. छत्रधर दीवान, प्राथमिक विद्यालय संडी के प्रधान पाठक गणेशराम साहू, समन्वयक युवराम साहू, तुमेंद्र कोटरे, अरुण धीवर, आर. एस. कुंजे और शिक्षिका त्रिवेणी ध्रुव का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा।
इसके साथ ही न्यौता भोज के सफल संचालन में विद्यालय की रसोइया बहनों—पुष्पा साहू, सरोजनी साहू, अनूपा यादव एवं सुल्ताना राव का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनकी शाला परिवार ने प्रशंसा की।

