बद्रीप्रसाद लोधी स्नातकोत्तर शासकीय महाविद्यालय, आरंग में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान देने वाली महान दानदात्री स्वर्गीय श्रीमती मनियारा बाई लोधी की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने स्वर्गीय मनियारा बाई लोधी के अतुलनीय त्याग और समर्पण को याद करते हुए बताया कि अपने इकलौते पुत्र के आकस्मिक निधन के बाद, उसकी स्मृति को अमर बनाने के लिए उन्होंने अपनी संपूर्ण संपत्ति उच्च शिक्षा के प्रसार हेतु दान कर दी थी। उनके इस महान और साहसिक निर्णय से क्षेत्र में उच्च शिक्षा की मजबूत नींव पड़ी। उन्हीं के इस त्याग का परिणाम है कि आज इस महाविद्यालय में 2500 से अधिक विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपना भविष्य संवार रहे हैं।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि सूरज लोधी, विधायक प्रतिनिधि सूरज साहू, पार्षद संतोष लोधी, संतोष (लाला) लोधी तथा शत्रुघन लोधी विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ.अविनाश लाल, डॉ. एल.पी.शर्मा, डॉ. अंशुमाला, प्रो. धर्मेंद्र घृतलहरे, प्रो. ज्ञानेश शुक्ला, प्रो. मनोहर मारकंडे सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

