राजधानी रायपुर के राखी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहाँ ग्राम गनौद में एक किराएदार ने अपने ही मकान मालिक की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या की मुख्य वजह अवैध संबंध का शक बताया जा रहा है, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

क्या है पूरा मामला..?

मामले का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण (ASP) अभिषेक कुमार झा ने बताया कि मृतक की पहचान ग्राम गनौद (थाना राखी) निवासी वेद राम साहू (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं आरोपी का नाम पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (25 वर्ष), पिता नरेंद्र कुमार धीवर है। आरोपी मूल रूप से ग्राम धमनी, भाटापारा (वार्ड नंबर 2), थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर का रहने वाला है।
आरोपी पुरुषोत्तम पिछले एक-दो साल से मृतक वेद राम साहू के मकान में किराए पर एक ऑटो पार्ट्स की दुकान चला रहा था। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक मकान मालिक वेद राम को शक था कि उसकी पत्नी के साथ किराएदार पुरुषोत्तम के अवैध संबंध हैं।

 

विवाद और हाथापाई ने लिया हत्या का रूप

इसी शक और रंजिश के चलते मकान मालिक और किराएदार के बीच हमेशा तनाव रहता था और अक्सर गाली-गलौज व लड़ाई-झगड़े होते रहते थे। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी युवक पुरुषोत्तम ने मकान मालिक वेद राम साहू का गला दबा दिया, जिससे उसकी जान चली गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

राखी थाना पुलिस को आज सुबह करीब 11:30 बजे इस घटना की सूचना मिली थी कि किसी व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मुआयना किया। आस-पास के लोगों से पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पुरुषोत्तम धीवर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और मामले की आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!