आरंग: नगरीय निकाय चुनाव के बाद आरंग नगर पालिका की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। वार्ड क्रमांक 02 से शिवसेना के टिकट पर चुनाव जीतकर आए पार्षद उमाकांत यादव ने आधिकारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है।
आरंग नगर पालिका में एल्डरमैन के शपथग्रहण समारोह के बाद कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की उपस्थिति में उमाकांत यादव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री साहेब ने उनका पार्टी में गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी।

रोमांचक मुकाबले में दर्ज की थी जीत

उमाकांत यादव का राजनीतिक सफर इस चुनाव में बेहद दिलचस्प रहा है। उन्होंने हालिया नगरीय निकाय चुनाव में शिवसेना के टिकट पर दांव खेला था और एक बेहद कड़े व नजदीकी मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र लोधी को महज 06 वोटों के मामूली अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी। जीत के बाद से ही क्षेत्र में उनके राजनीतिक कदम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं थीं, जिस पर अब भाजपा प्रवेश के साथ विराम लग गया है।

आरंग नगर पालिका का नया दलीय समीकरण

उमाकांत यादव के भाजपा में शामिल होने से नगर पालिका के भीतर सत्ता का पलड़ा और भारी हो गया है।
भाजपा पार्षदों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, जिससे पार्टी की पकड़ और अधिक मजबूत हुई है।जबकि अब नगर पालिका में शिवसेना का प्रतिनिधित्व घटकर केवल 01 पार्षद तक सीमित रह गया है।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने इस अवसर पर कहा कि “उमाकांत यादव के आने से आरंग नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी को एक नई ऊर्जा और मजबूती मिली है। पार्टी का परिवार लगातार बढ़ रहा है।”

वार्ड 02 में विकास की नई आस

स्थानीय निवासियों के अनुसार, वार्ड क्रमांक 02 लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों के मामले में उपेक्षित रहा है। एक-एक बुनियादी विकास कार्य के लिए तरस रहे इस वार्ड के लोगों को अब उम्मीद की नई किरण दिखाई दे रही है। उमाकांत यादव के भाजपा प्रवेश को वार्ड के कायाकल्प से जोड़कर देखा जा रहा है।

मंत्री ने दिलाया विकास का भरोसा

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने वार्डवासियों और पार्षद उमाकांत यादव को आश्वस्त किया कि वार्ड नं. 02 में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार हर वार्ड के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही मंत्री साहेब ने उमाकांत यादव के साथ आए यादव समाज का भी आभार व्यक्त करते हुए उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!