आरंग:-रविवार को नगर के महामाया पारा में उस वक्त अफरा-तफरी और सनसनी फैल गई, जब एक युवक तीन मंजिला मकान की छत से नीचे आ गिरा। ऊंचाई से गिरते ही जोरदार आवाज हुई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की सांसे थम चुकी थीं। मृतक की पहचान महामाया पारा निवासी अशोक साहू (पिता निरंजन साहू) के रूप में की गई है। हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची।

फॉरेंसिक टीम मौके पर, हर एंगल से छानबीन शुरू

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटना स्थल से साक्ष्य (एविडेंस) जुटाए हैं और छत की मुंडेर, गिरने की दिशा व दूरी की बारीकी से जांच की जा रही है।

हादसा.?? हत्या या खुदकुशी..? उलझी गुत्थी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अशोक साहू छत से पैर फिसलने के कारण गिरा, या फिर इसके पीछे आत्महत्या जैसी कोई वजह है। पुलिस परिजनों और आसपास के चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। मृतक के मोबाइल और हालिया गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

आरंग पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं (हादसा और आत्महत्या) को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!