आरंग: नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष भरत लोधी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नगरवासियों को आ रही दिक्कतों से अवगत कराया और उनके त्वरित निराकरण के लिए एक ज्ञापन सौंपा।मुलाकात के दौरान कांग्रेस मंडल अध्यक्ष भरत लोधी ने आगामी मानसून को देखते हुए नगर की साफ-सफाई और जलभराव की स्थिति पर विशेष रूप से चिंता जताई। उन्होंने सीएमओ के समक्ष मुख्य रूप से नगर के पारंपरिक तालाबों में फैली जलकुंभी को हटाने और उनकी व्यापक सफाई कराने का आग्रह किया गया, ताकि जल स्रोत स्वच्छ और सुरक्षित रह सकें।साथ ही मानसून की दस्तक से पहले शहर की सभी छोटी-बड़ी नालियों की सफाई और मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। नगर के जिन निचले इलाकों या चौक-चौराहों पर अक्सर पानी जमा होता है, वहां जल निकासी के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की गई, जिससे मौसमी बीमारियों (जैसे डेंगू, मलेरिया) के खतरे को टाला जा सके।मुलाकात के दौरान सीएमओ ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और कांग्रेस मंडल अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि मानसून से पहले नालियों की सफाई और तालाबों से जलकुंभी हटाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।इस दौरान शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष मुकेश लोधी मौजूद रहे।

