बांकीपुर से दतिया तक भाजपा का जनाज़ा निकला; छलावे, जुमलेबाज़ी और कुशासन का अंत शुरू: पूर्व कैबिनेट मंत्री
आरंग :बिहार और मध्य प्रदेश के उपचुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी को मिली करारी हार पर छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया ने बेहद आक्रामक हमला बोला है। डॉ. डहरिया ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए साफ़ कहा कि यह महज़ एक चुनावी हार नहीं, बल्कि भाजपा के “राजनीतिक पतन और ताबूत में आखिरी कील” साबित होने जा रही है। देश की जनता अब भाजपा के छलावे, नौटंकी, जुमलेबाज़ी और प्रशासनिक गुंडागर्दी को पूरी तरह से नकार चुकी है।
नितिन नबीन के अपने गढ़ में भाजपा बेआबरू, जनता ने घर में घुसकर हराया
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की थू-थू पर करारा तंज कसते हुए डॉ. डहरिया ने कहा कि यह हार भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के मुंह पर जनता का करारा तमाचा है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देकर बताया कि “भाजपा के तथाकथित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के अपने ही गढ़ और उनके अपने पोलिंग बूथ पर पार्टी उम्मीदवार नीरज सिन्हा को जनता ने बुरी तरह खदेड़ दिया। 19,324 वोटों के भारी-भरकम अंतर से हुई यह शर्मनाक हार बताती है कि भाजपा का वजूद अब खत्म होने की कगार पर है। जनसुराज के प्रत्याशी को मिले 64,151 वोट और भाजपा की दुर्गति यह चीख-चीखकर बता रही है कि जनता ने इनके अहंकार की छाती पर जीत का झंडा गाड़ दिया है।”
दतिया में भाजपा का गंदा षड्यंत्र ध्वस्त, फर्जी ताकत की हवा निकली
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह की 6,056 वोटों से हुई ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाते हुए डॉ. डहरिया ने भाजपा की चालबाज़ियों को बेनकाब किया।
उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा: “कांग्रेस के जुझारू नेता राजेंद्र भारती को एक नीच षड्यंत्र के तहत अयोग्य ठहराकर उपचुनाव की नौटंकी रची गई थी। 2023 में राज्य के ‘अहंकारी’ गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को धूल चटाने वाली दतिया की शेरदिल जनता ने इस बार भी भाजपा की साजिशों को कचरे के डिब्बे में फेंक दिया। हार के खौफ से कांप रही भाजपा में नरोत्तम मिश्रा को दोबारा उतारने तक का दम नहीं था, और जो नया मोहरा आशुतोष तिवारी लाया गया, वह भी मुंह के बल गिरा। दतिया में जनता ने भाजपा के मुंह पर करारा थप्पड़ जड़ा है।”
“डबल इंजन का डिब्बा गोल, झोला उठाकर भागने की तैयारी करे भाजपा”
उपचुनाव के नतीजों को भाजपा के अंत की शुरुआत बताते हुए डॉ. डहरिया ने हुंकार भरी कि देश में बदलाव का तूफ़ान आ चुका है।
उन्होंने कहा: “महंगाई से जनता का खून चूसने वाली, बेरोजगारी का नंगा नाच कराने वाली और ED-CBI जैसी केंद्रीय एजेंसियों के दम पर विपक्ष को डराने वाली भाजपाई सल्तनत का अंत अब तय है। भाजपा कान खोलकर सुन ले—सत्ता के घमंड, झूठे प्रचार और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग से जनता को हर बार गुलाम नहीं बनाया जा सकता। तथाकथित ‘डबल इंजन’ का डिब्बा पूरी तरह गोल हो चुका है और अब देश की जनता इन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए पूरी तरह तैयार है।”

