मंदिरहसौद थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 53 से लगे उमरिया के धान खरीदी केंद्र के पास खड़ी एक संदिग्ध मालवाहक गाड़ी से पुलिस ने 15 भैंस बरामद किए हैं। तस्करों की बेदर्दी और क्रूरता का आलम यह था कि वाहन में ठूंस-ठूंस कर भरे जाने के कारण 13 भैंसों की दम घुटने और भूख-प्यास से दर्दनाक मौत हो चुकी थी, जबकि केवल 02 भैंस ही जीवित बच सकी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालवाहक गाड़ी (क्रमांक MP 07 GA 9910) काफी समय से उमरिया धान खरीदी केंद्र के पास लावारिस स्थिति में खड़ी थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर जब मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की, तो अंदर का नजारा देखकर सब सन्न रह गए। गाड़ी का चालक पुलिस के पहुंचने से पहले ही वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

तस्करी की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

मामले में बड़े मवेशी तस्करी गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। यह गाड़ी कहां से आई थी, मवेशियों को कहां ले जाया जा रहा था और वाहन को धान खरीदी केंद्र के पास क्यों खड़ा किया गया था, इन तमाम सवालों का जवाब तलाशने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि “पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। सभी मृत मवेशियों का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही उनकी मौत के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा। फिलहाल फरार चालक और वाहन मालिक की पतासाजी की जा रही है।”

हाईवे पेट्रोलिंग और RTO की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

नेशनल हाईवे 53 जैसे व्यस्त मार्ग पर इस प्रकार अवैध रूप से ठूंस-ठूंस कर मवेशियों का परिवहन होना और संदिग्ध वाहन का लावारिस खड़े मिलना सुरक्षा तंत्र पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश है तथा हाईवे पेट्रोलिंग और RTO (परिवहन विभाग) की गश्त एवं चेकिंग प्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं:

क्या हाईवे पर दौड़ने वाले ऐसे संदिग्ध मालवाहक वाहनों की जांच नहीं होती..?

अंतरराज्यीय सीमाओं और मुख्य मार्गों पर बने चेकपोस्टों से यह गाड़ी कैसे पार हो गई..?

वही मंदिरहसौद पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी चालक और तस्करों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!