नगर की यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक अनदेखी के कारण आरंग के मुख्य मार्ग और गलियाँ अब आम जनता के लिए जी का जंजाल बनती जा रही हैं। ऐसा ही एक संवेदनशील मामला आरंग नगर के सबसे व्यस्ततम और संकरे इलाकों में से एक से सामने आया है, जहाँ गांधी चौक स्थित पुराने सब्जी बाजार से होकर बस स्टैंड को जोड़ने वाली मुख्य गली वर्तमान में भारी अव्यवस्था का शिकार है। मुख्य रास्ता अवरुद्ध होने के कारण यहाँ से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय निवासियों का आवागमन न सिर्फ कठिन हो गया है, बल्कि अत्यंत जोखिमपूर्ण भी हो चुका है।
बता दें कि गांधी चौक का पुराना सब्जी बाजार इलाका बेहद संकरा और घनी आबादी वाला क्षेत्र है। यहाँ से रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग बस स्टैंड और मुख्य बाजार की ओर आवागमन करते हैं। लेकिन वर्तमान में इस मार्ग पर मुख्य रास्ता पूरी तरह से बाधित हो चुका है। रास्ते पर बने इस अवरोध के कारण पैदल चलने वालों से लेकर दोपहिया वाहन चालकों को निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त समय में यहाँ स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे अक्सर विवाद और जाम की स्थिति निर्मित होती है।
रात के अंधेरे में बढ़ जाता है मौत का खतरा: गोपाल शुक्ला
इस गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर नगर के मुखर समाजसेवी गोपाल शुक्ला ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि “जनप्रतिनिधियों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को समय रहते इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेना चाहिए। यह मार्ग नगर की लाइफलाइन में से एक है, लेकिन वर्तमान में यह किसी बड़ी दुर्घटना का केंद्र बिंदु बनता जा रहा है। अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो यहाँ कोई भी अप्रिय या अनहोनी घटना घट सकती है।”
समाजसेवी गोपाल शुक्ला ने विशेष रूप से रात के समय की स्थिति को रेखांकित करते हुए कहा कि, रात्रि के दौरान इस संकरी गली में पर्याप्त रोशनी न होने और रास्ता अवरुद्ध होने के कारण खतरा दोगुना हो जाता है। बाहर से आने वाले अनजान राहगीर, जिन्हें इस अवरोध की जानकारी नहीं होती, वे रात के अंधेरे में किसी बड़ी दुर्घटना या जनहानि का शिकार हो सकते हैं। नगर की सामाजिक समस्याओं को समय-समय पर प्रमुखता से उठाने वाले समाजसेवी गोपाल शुक्ला ने स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका प्रबंधन से पुरजोर आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का तुरंत और स्थायी समाधान निकाला जाए।

