आरंग: नगर पालिका परिषद आरंग के वार्ड क्रमांक 09 से एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां लंबे समय से खड़ा एक जर्जर और खंडहरनुमा भवन स्थानीय नागरिकों और स्कूली बच्चों के लिए ‘टाइम बम’ बना हुआ है। इस गंभीर जनसमस्या को लेकर वार्ड 09 के सक्रिय पार्षद पुष्कर साहू ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को एक तीखा ज्ञापन सौंपकर भवन को तत्काल ध्वस्त करने की मांग की है। पार्षद ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कदम नहीं उठाए, तो किसी भी अप्रिय घटना या जनहानि की पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

पूर्व की शिकायतों पर प्रशासन ने साधी चुप्पी

ज्ञापन के माध्यम से पार्षद पुष्कर साहू ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि भागीरथी स्कूल के ठीक सामने स्थित यह खंडहर अत्यंत जर्जर हो चुका है और कभी भी भरभराकर गिर सकता है। इस संबंध में पूर्व में भी कई बार नगर पालिका को लिखित और मौखिक रूप से आगाह किया जा चुका है, लेकिन हर बार अधिकारियों की अनदेखी और उदासीनता ही हाथ लगी है।

सैकड़ों स्कूली बच्चों के सिर पर मंडरा रहा खतरा

पार्षद ने मामले की संवेदनशीलता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह केवल एक वार्ड की आंतरिक सड़क नहीं है, बल्कि मुख्य मार्ग है। इस रास्ते से प्रतिदिन राधाकृष्ण विद्या मंदिर एवं सरस्वती ज्ञानदीप विद्यालय के सैकड़ों नौनिहाल और उनके अभिभावक गुजरते हैं। छुट्टी और स्कूल लगने के समय यहां भारी चहल-पहल रहती है। जर्जर दीवारें या छत का कोई हिस्सा यदि किसी बच्चे पर गिरता है, तो इसकी भयावहता का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

आगामी रथयात्रा उत्सव को लेकर बड़ी चिंता

अपनी शिकायत में पार्षद पुष्कर साहू ने एक और अत्यंत महत्वपूर्ण बिंदु की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने बताया कि आगामी धार्मिक रथयात्रा उत्सव के दौरान भगवान जगन्नाथ का रथ इसी मार्ग से होकर गुजरना है। परंपरा के अनुसार, सैकड़ों श्रद्धालु इस संकरे मार्ग पर रथ को धक्का देकर आगे बढ़ाते हैं और भारी जनसैलाब उमड़ता है।

“रथयात्रा के दौरान इस मार्ग पर पैर रखने की जगह नहीं होती। ऐसे संवेदनशील समय में इस जर्जर भवन के पास सैकड़ों लोगों की मौजूदगी किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। प्रशासन जनहित और सुरक्षा को ताक पर रखकर किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है?”

– पुष्कर साहू, पार्षद (वार्ड क्र. 09, आरंग)

 

तत्काल ध्वस्तीकरण और सुरक्षा व्यवस्था की मांग

पार्षद पुष्कर साहू ने जनहित, सुरक्षा और जनभावनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मांग की है कि तत्काल तकनीकी टीम भेजकर उक्त खंडहर का निरीक्षण कराया जाए और उसे बिना किसी देरी के ढहाने (ध्वस्तीकरण) की कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की जान से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो वार्डवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!