स्थानीय सरस्वती ज्ञानदीप विद्यालय, आरंग में तुलसीदास जयंती, रक्षाबंधन पर्व तथा प्रख्यात गायक मुकेश कुमार की पुण्यतिथि के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। तत्पश्चात छात्रा गीतांजलि एवं आरती ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर शाला विकास समिति के अध्यक्ष संतोष साहू एवं उपाध्यक्ष प्रदीप लोधी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।अतिथियों के स्वागत के बाद विद्यालय की प्रधान पाठिका देवकुमारी यादव ने अपने उद्बोधन में संत तुलसीदास जी के जीवन दर्शन और रक्षाबंधन पर्व के पौराणिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।

छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियां

कार्यक्रम में कक्षा पीपी-1 से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने तुलसीदास जी के जीवन परिचय को रेखांकित करते हुए उनके प्रसिद्ध दोहों का सुमधुर वाचन किया। रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में विद्यार्थी घर से स्वयं द्वारा बनाई गई आकर्षक राखियां लेकर आए थे। बच्चों ने एक-दूसरे को राखी बांधकर और मिठाई खिलाकर भाई-बहन के इस पवित्र त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मनाया।

मुकेश जी को गीतों के माध्यम से दी गई श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के समापन सत्र में उपस्थित अतिथियों ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और तुलसीदास जी के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। साथ ही, स्वर्गीय मुकेश जी की पुण्यतिथि पर उनके सदाबहार गीत गाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं— सुनीता लोधी, सुमन लता योगी, दीपमाला पटेल, छाया यादव, कुसुम यादव, भावना साहू, मधुरिमा सेन, मनिका लोधी, दीपिका जलक्षत्री एवं अनीता यादव का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!