आरंग थाना क्षेत्र में 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत और परिजनों की तत्परता पर कार्रवाई करते हुए आरंग पुलिस ने त्वरित कदम उठाया और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, गिधपुरी (जिला बलौदाबाजार) निवासी 18 वर्षीय आरोपी अर्जुन पाटले पिछले कुछ समय से नाबालिग छात्रा का पीछा कर रहा था। घटना वाले दिन आरोपी ने पीड़िता को जबरन रोका और उसके साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ की। डरी-सहमी पीड़िता ने घर पहुंचकर तुरंत पूरी आपबीती अपने परिजनों को बताई।

भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजन छात्रा को लेकर तुरंत आरंग थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने बिना किसी देरी के आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), धारा 296 (अश्लील कृत्य) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) की धारा 8 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को भेजा न्यायिक हिरासत में

आरंग थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू ने बताया कि मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन पाटले को उसके ठिकाने से धर दबोचा। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से विद्वान न्यायाधीश के आदेशानुसार उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में पुलिस सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाना जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!