अंबिकापुर / रायपुर: छत्तीसगढ़ में अग्रवाल समाज की वर्षों पुरानी और प्रमुख मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को एक ऐतिहासिक ऐलान किया है। प्रदेश में अब ‘महाराजा अग्रसेन जयंती’ के अवसर पर सार्वजनिक/शासकीय अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री ने यह महत्वपूर्ण घोषणा अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ सम्मेलन’ के मंच से की।
महाकुंभ के मंच से हुआ बड़ा ऐलान
अंबिकापुर में अग्रवाल समाज का भव्य दो दिवसीय अग्र महाकुंभ सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जैसे ही अग्रसेन जयंती पर सरकारी छुट्टी की घोषणा की, पूरा सम्मेलन स्थल करतल ध्वनि और ‘महाराजा अग्रसेन की जय’ के नारों से गूंज उठा। समाज के प्रमुखों और प्रतिनिधियों ने सरकार के इस फैसले का सहर्ष स्वागत किया और मुख्यमंत्री का आभार जताया।
समाज में खुशी की लहर
अग्रवाल समाज लंबे समय से समाज के संस्थापक और महान समाज सुधारक महाराजा अग्रसेन की जयंती पर सरकारी छुट्टी की मांग कर रहा था। महाकुंभ के भव्य आयोजन के बीच मुख्यमंत्री द्वारा ली गई इस घोषणा से न केवल अंबिकापुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के अग्रवाल समाज में उत्साह और हर्ष की लहर दौड़ गई है।

