आरंग:- गायत्री शक्तिपीठ मंदिर प्रांगण में बीते दिनों संस्कृति ज्ञान परीक्षा के विकासखंड एवं जिला स्तरीय सफल परीक्षार्थियों के लिए एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी समारोह में आनंद मार्ग विद्यालय जरौद (उमरिया) के छात्र-छात्राओं ने अपना दबदबा कायम रखते हुए शानदार सफलता हासिल की, जिससे पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आनंद मार्ग स्कूल उमरिया (जरौद) के जिन छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया उनमें जानवी वर्मा, रानू प्रजापति, हिमांशु सिंह ध्रुव, शशांक बिखरे, आकांक्षा डहरिया, गोपी मानिकपुरी, ख्याति शामिल है।समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा इन सभी सफल परीक्षार्थियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।

इस भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य रूप से गायत्री मंदिर के संचालक पवन साहू, जिला व विकासखंड संयोजक रामपाल तिवारी, और परीक्षा प्रभारी डॉ. पी. चंद्राकर सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी अतिथियों ने बच्चों की पीठ थपथपाई और उनकी कड़ी मेहनत की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में भारतीय संस्कृति के प्रति रुचि जगाने के साथ-साथ उनके बौद्धिक विकास में भी सहायक होती हैं। अतिथियों ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

