धर्मनगरी आरंग में शारदीय नवरात्रि में फ्लेक्सी (होर्डिंग्स) हटाने और उन्हें कचरा वाहन में डलवाए जाने को लेकर उपजा तल्ख राजनीतिक व धार्मिक विवाद आखिरकार समाप्त हो गया है। कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब की मध्यस्थता और मौजूदगी में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने सर्व समाज और श्री सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के पदाधिकारियों के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। इस सुलह के बाद 14 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘आरंग बंद’ और चक्काजाम का आह्वान भी आधिकारिक रूप से वापस ले लिया गया है।
क्या था पूरा विवाद..?
पंचमी के पावन पर्व पर महामाया पारा (बड़ी दुर्गा माँ) स्थित श्री सार्वजनिक नवदुर्गात्सव समिति द्वारा पद्मश्री अनुज शर्मा के विशेष जगराता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। समिति के सदस्यों का आरोप था कि प्रचार-प्रसार लिए नगर के गौरवपथ (श्रीराम तिराहा से तहसील कार्यालय) तक स्ट्रीट लाइट के खंभों पर लगाए गए 50 से अधिक फ्लेक्सी (जिनमें मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक अनुज शर्मा के चित्र थे) को नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन के आदेश पर हटवा दिया गया।
समिति का यह भी आरोप था कि फ्लेक्स में अपनी तस्वीर न होने के कारण दुर्भावनावश यह कार्रवाई की गई, और बाद में इन बैनरों को नगर पालिका के कचरा वाहन में डलवाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस घटना के बाद से ही शहर के श्रद्धालुओं, विभिन्न दुर्गोत्सव समितियों और सर्व समाज में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था।
तनाव और ‘आरंग बंद’ की तैयारी
घटना के विरोध में रविवार देर रात बड़ी संख्या में नगरवासी और समिति के पदाधिकारी आरंग थाना पहुंचे थे, जहाँ अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी। मामला तूल पकड़ता देख सर्व समाज और नगर की सभी दुर्गा उत्सव समितियों की एक आपातकालीन बैठक बुलाई गई, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष को समिति के संरक्षक पद व प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर 14 अक्टूबर को ‘आरंग बंद’ और चक्काजाम का ऐलान किया गया था, जिसे आरंग व्यापारी संघ ने भी अपना पूर्ण समर्थन दिया था।
कैबिनेट मंत्री के हस्तक्षेप से निकला समाधान
विवाद के गंभीर रूप लेने के बाद कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने मामले में हस्तक्षेप किया। उनकी मौजूदगी में आरंग स्थित कार्यालय में सर्व समाज, श्री सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और प्रबुद्ध नागरिकों की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने पूरे घटनाक्रम पर खेद व्यक्त करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, जिसे समाज और समिति ने स्वीकार कर लिया। इस सुलह के साथ ही आरंग में तनाव की स्थिति पर विराम लग गया है और 14 अक्टूबर को होने वाला बंद एवं चक्काजाम टल गया है।
इस घटनाक्रम के शांतिपूर्ण समाधान के बाद आरंग में नवरात्रि के पावन पर्व पर एक बार फिर सौहार्द और भाईचारे का माहौल बन गया है। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मध्यस्थता से हुई इस पहल से फिलहाल शहर का राजनीतिक तापमान सामान्य हो गया है।

