महासमुंद: नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत महासमुंद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बसना पुलिस और एंटी क्राइम एंड नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 28 किलो 465 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार होने में कामयाब रहा।
नाकाबंदी देख कार मोड़कर भागने का प्रयास

जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम बसना क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वेगनआर कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। नाकाबंदी देखकर कार सवार आरोपियों ने घबराकर गाड़ी मोड़ ली और तेजी से भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर कार को घेर लिया और उन्हें रोक लिया।
गांजे में आग लगाकर सबूत मिटाने की साजिश नाकाम

पुलिस से घिरता देख आरोपियों ने शातिराना तरीका अपनाया। आरोपियों ने कार की अगली सीट के नीचे छिपाकर रखे गांजे में आग लगा दी, ताकि सबूत पूरी तरह नष्ट हो जाए। लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाई और तुरंत आग पर काबू पाकर गांजे की खेप को पूरी तरह जलने से बचा लिया।
दो गिरफ्तार, ओडिशा से शहडोल ले जाया जा रहा था माल

पुलिस ने मौके से मुलायम सिंह परिहार और सागर कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गांजा ओडिशा से तस्करी कर मध्यप्रदेश के शहडोल ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान इनका एक साथी शिवा सिंह चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
18.53 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 किलो 465 ग्राम गांजा, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वेगनआर कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त कुल सामग्री की अनुमानित कीमत 18 लाख 53 हजार 250 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

