थाना अभनपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम केंद्री में पारिवारिक विवाद के चलते एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नशे में धुत होकर माता-पिता से रोज-रोज झगड़ा करने और चरित्र पर शक करने से आजिज आकर पुत्र ने ही अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को हिरासत में ले लिया है और घटना में प्रयुक्त चाकू व अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।

विवाद से खूनी संघर्ष तक की पूरी घटना

मृतक पिता
मृतक पिता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम केंद्री निवासी 48 वर्षीय डोमार साहू बीती शाम लगभग 7:00 बजे शराब के नशे में घर पहुंचे और अपनी पत्नी दुलेश्वरी साहू के साथ विवाद करने लगे। इसी दौरान उनका 22 वर्षीय पुत्र डोमेश साहू वहां पहुंचा। विवाद के दौरान मृतक द्वारा अपनी पत्नी एवं पुत्र पर लगातार आपत्तिजनक और अमर्यादित आरोप लगाए जा रहे थे। इससे अत्यधिक आक्रोशित होकर पुत्र डोमेश ने रसोई में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और पिता के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मृतक ने जब बचने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसकी दाहिने हाथ की कलाई पर भी वार किया और फिर गले पर दोबारा कई गंभीर वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के समय मृतक की पत्नी भी वहीं मौजूद थीं।

आरोपी पुत्र
आरोपी पुत्र

आत्महत्या का झूठा ड्रामा और पुलिस की रेड

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने खून से सने कपड़े मोटरसाइकिल से ले जाकर गांव के पीछे स्थित बड़े नहर-नाले में फेंक दिए। इसके बाद उसने घर लौटकर इस पूरी घटना को आत्महत्या का रूप देने का षड्यंत्र रचा और काफी देर बाद परिजनों व आसपास के लोगों को यह झूठी सूचना दी कि उसके पिता ने आत्महत्या कर ली है।रात लगभग 11:30 बजे ग्राम के सरपंच द्वारा थाना अभनपुर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव व घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक (FSL) टीम को बुलाया। एफएसएल टीम द्वारा गहन निरीक्षण और साक्ष्य संकलन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी डोमेश साहू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और अन्य साक्ष्य जप्त कर लिए हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

 आरोपी का नाम: डोमेश साहू (उम्र 22 वर्ष)

  पिता का नाम: स्व. डोमार साहू

  निवासी: ग्राम केंद्री, थाना अभनपुर, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!