आरंग: छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने आरंग विकासखंड में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रायपुर के आदेशों की अवहेलना होने पर कड़ी आपत्ति जताई है। फेडरेशन के आरंग संयोजक माणिक लाल मिश्रा ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) आरंग को एक आधिकारिक पत्र सौंपकर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला..?

जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर द्वारा जारी आदेश क्रमांक/स्था./संलग्नीकरण समाप्त/2026/9811 (दिनांक 02/07/2026) के तहत विभिन्न कार्यालयों और गैर-वाजिब जगहों पर अटैच (संलग्न) किए गए कर्मचारियों व शिक्षकों का संलग्नीकरण तत्काल प्रभाव से समाप्त कर उन्हें उनकी मूल पदस्थापना संस्था में भेजने (कार्यमुक्त करने) का स्पष्ट निर्देश दिया गया था।

आदेश के बाद भी मनमानी जारी

कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के ध्यान में यह बात आई है कि जिला शिक्षा अधिकारी के इस सख्त आदेश के बावजूद आरंग विकासखंड के कुछ संकुलों और संस्थाओं में नियमों को ताक पर रखकर चहेते शिक्षकों और कर्मचारियों को मूल शालाओं के लिए कार्यमुक्त नहीं किया गया है। वे आदेश के हफ़्तों बाद भी पुराने स्थानों पर ही डटे हुए हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

फेडरेशन ने दी चेतावनी, मांगी रिपोर्ट

इस प्रशासनिक ढर्रे पर नाराजगी जताते हुए फेडरेशन के आरंग संयोजक ने BEO आरंग को पत्र लिखकर कहा है कि इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है, उससे फेडरेशन को जल्द से जल्द अवगत कराया जाए। इस पत्र की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा और जिला संयोजक पीतांबर पटेल (रायपुर) को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।

अब देखना यह होगा कि जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश को ठेंगा दिखाने वाले आरंग विकासखंड के इन प्रभारियों और शिक्षकों पर ब्लॉक शिक्षा विभाग क्या एक्शन लेता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!