आरंग : शिक्षा के नए सत्र की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में रौनक लौट आई है। इसी कड़ी में आज, 2 जुलाई को ग्राम फरफौद में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। नए सत्र के पहले दिन स्कूल पहुंचे नन्हे-मुन्ने बच्चों का स्वागत बेहद उत्साहजनक माहौल में किया गया, जिससे उनके चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा विद्या की देवी मां शारदा के तैलचित्र पर माल्यार्पण, द्वीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर पूरा माहौल ज्ञानमय और उत्सव जैसा नजर आया।प्रवेश उत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में नव-प्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर शाला में आत्मीय स्वागत किया गया। इसके तत्काल बाद शासन की योजना के तहत बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और शाला गणवेश (यूनिफॉर्म) वितरित किए गए। नई किताबें और यूनिफॉर्म पाकर बच्चों का उत्साह दोगुना हो गया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित ग्राम पंचायत फरफौद के सरपंच और पंचगणों ने बच्चों का हौसला बढ़ाया। सरपंच ने अपने संबोधन में बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए कहा कि“शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का एकमात्र मार्ग है। सभी बच्चे रोज स्कूल आएं, अनुशासित रहें और मन लगाकर पढ़ाई कर अपने गांव व माता-पिता का नाम रोशन करें।”

इस भव्य आयोजन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भारी भागीदारी रही। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत फरफौद के सरपंच एवं समस्त पंचगण शाला विकास एवं प्रबंधन समिति (SMDC) के अध्यक्ष व सभी सदस्य,छात्र-छात्राओं के पालकगण एवं स्थानीय महिला समिति के सदस्य,संकुल के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मिलित हुए।कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रधान पाठक एवं संकुल समन्वयक प्रफुल्ल कुमार माँझी ने शाला प्रवेश उत्सव को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी अतिथियों, पालकों, ग्रामीणों और शिक्षक शिक्षिकाओं के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया, जिसके बाद कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!