कोंडागांव/रायपुर: कोंडागांव जिले के धनोरा तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार निधि एस. नेताम का सोमवार देर रात रायपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से गंभीर रूप से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके असामयिक निधन की खबर से प्रशासनिक महकमे के साथ-साथ पूरे फरसगांव और धनोरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

हाल ही में संभाला था धनोरा तहसील का प्रभार

प्रशासनिक फेरबदल के तहत निधि एस. नेताम का हाल ही में स्थानांतरण धनोरा तहसील में हुआ था, जहाँ उन्होंने नायब तहसीलदार के रूप में पदभार ग्रहण किया था। इससे पहले उन्होंने फरसगांव तहसील में अपनी पहली पदस्थापना के दौरान लगभग ढाई वर्षों तक उल्लेखनीय सेवाएँ दी थीं। अपने सेवाकाल में उन्होंने प्रशासनिक कार्यकुशलता के साथ-साथ स्थानीय जनता के साथ भी बेहद सहज, संवेदनशील और मिलनसार व्यवहार बनाए रखा।

क्षेत्रवासियों और अधिकारियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

निधन की दुखद सूचना मिलते ही धनोरा में स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने एक शोकसभा का आयोजन किया। शोकसभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई और शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई। उपस्थित लोगों ने उन्हें एक बेहद कर्तव्यनिष्ठ और जनप्रिय अधिकारी के रूप में याद करते हुए उनके निधन को क्षेत्र और प्रशासन के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

गृह ग्राम में दी गई अंतिम विदाई

दिवंगत नायब तहसीलदार निधि एस. नेताम का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके गृह ग्राम कन्हानपुर (तहसील सरोना, जिला कांकेर) में नम आंखों से किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, परिजन और परिचित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!