• M-3 शासकीय निवास में आयोजित “सतनामी स्वाभिमान दिवस” में उमड़ा प्रदेशभर का सर्वसमाज

• प्रतिभावान छात्रा मानसी टंडन और धनेश्वरी यादव को मिले लैपटॉप, आगे की पढ़ाई व कोचिंग का पूरा खर्च उठाने का ऐलान

सतनामी समाज के आदेशक, निर्देशक एवं मार्गदर्शक, राजागुरु और धर्मगुरु परम पूज्य गुरु बालदास साहेब के पावन अवतरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब जी के शासकीय निवास (M-3) में “सतनामी स्वाभिमान दिवस” का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन श्रद्धा, सामाजिक एकता, स्वाभिमान और जनसेवा के अनूठे संदेश के साथ संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेशभर से सर्वसमाज, सतनामी समाज और वरिष्ठ जनों ने बड़ी संख्या में शिरकत कर गुरुजी के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा व्यक्त की।

शिक्षा और जनसेवा को समर्पित एक अनूठी पहल

इस गरिमामयी अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने अपने पूज्य पिताश्री के अवतरण दिवस को सेवा और शिक्षा के संकल्प से जोड़ते हुए अपनी पूरी विधायक वेतनराशि आरंग विधानसभा के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समर्पित करने की ऐतिहासिक घोषणा की।

इसी संकल्प की कड़ी में उन्होंने आरंग विधानसभा के मंदिर हसौद क्षेत्र की दो प्रतिभावान छात्राओं—मानसी टंडन (जिन्होंने टॉप टेन में स्थान प्राप्त किया है) और धनेश्वरी यादव को अपने निजी व्यय से लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया। बेटियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और उनकी शैक्षणिक प्रतिभा का सम्मान करना इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।

“आगे की पढ़ाई और कोचिंग का पूरा खर्च मैं उठाऊंगा” — गुरु खुशवंत साहेब जी

लैपटॉप वितरण के दौरान छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि छात्राओं को आगे की उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी या कोचिंग के लिए कभी भी आर्थिक तंगी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उनकी आगे की पढ़ाई और कोचिंग का संपूर्ण खर्च वे स्वयं उठाएंगे।

छात्राओं में जगी नई उम्मीद, जताया आभार

लैपटॉप और प्रोत्साहन पाकर गदगद हुईं छात्राओं ने मंच पर उपस्थित गुरुजनों का आशीर्वाद लिया तथा परम पूज्य गुरु बालदास साहेब जी और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। दोनों छात्राओं ने अपने भविष्य के लक्ष्यों को साझा करते हुए पूरी मेहनत और लगन से देश-प्रदेश का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।

कौशल विकास और डिजिटल सशक्तीकरण पर जोर

तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री के रूप में गुरु खुशवंत साहेब जी की यह पहल शिक्षा और डिजिटल सशक्तीकरण को जमीन पर उतारने का उत्कृष्ट उदाहरण है। लैपटॉप वितरण, नि:शुल्क कोचिंग का जिम्मा और जरूरतमंदों के लिए वेतनराशि का समर्पण—ये सभी कदम युवाओं को आगे बढ़ने के सुनहरे अवसर प्रदान करेंगे।

गुरु परंपरा और सामाजिक एकता का भव्य संगम

M-3 शासकीय निवास में आयोजित इस कार्यक्रम में गुरु परंपरा और जनसेवा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। इस अवसर पर—

  • गुरु माता प्रवीण माता जी
  • गुरु सोमेश बाबा जी
  • गुरु सौरभ साहेब जी
  • गुरु परिवार के सदस्य, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, अखिल भारतीय सतनाम सेना के पदाधिकारी तथा सतनामी व सर्वसमाज के हजारों लोग उपस्थित रहे।

सतनामी स्वाभिमान दिवस का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है—गुरु परंपरा के प्रति अगाध श्रद्धा, समाज के प्रति सच्ची जिम्मेदारी और शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण ही स्वाभिमान की वास्तविक अभिव्यक्ति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!