आगामी दीपावली पर्व (दीपोत्सव) को देखते हुए आरंग के व्यापारियों और आम जनता को लेन-देन में होने वाली चिल्लर की समस्या से बचाने के लिए आरंग व्यापारी संघ ने एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल की है। संघ की ओर से क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख बैंक शाखाओं को पत्र लिखकर त्योहार से पूर्व पर्याप्त मात्रा में सिक्के एवं छोटे नोट उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। आरंग व्यापारी संघ के अध्यक्ष सूरज शर्मा, सचिव दिलीप चन्द्राकर एवं कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता के नेतृत्व में SBI, IDBI, HDFC, PNB, BOB तथा इंडसइंड बैंक जैसी विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधकों को पत्र भेजा गया है। पत्र में 10, 20 एवं 50 रुपये के सिक्के व छोटे नोट व्यापारियों तथा आम जनमानस के लिए शीघ्र अति शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि आगामी दीपोत्सव पर्व के दौरान बाजार में खरीदारी के समय चिल्लर (खुले पैसे) की भारी समस्या उत्पन्न हो जाती है। इससे व्यापारियों और ग्राहकों के बीच अनावश्यक विवाद या परेशानी की स्थिति बनती है। यदि समय रहते बैंकों द्वारा छोटे नोट और सिक्के उपलब्ध करा दिए जाएं, तो बाजार में लेन-देन की प्रक्रिया सुगम और पारदर्शी बनेगी। ग्राहक संतुष्ट रहेंगे और समय की बचत होगी। व्यापारियों एवं ग्राहकों के बीच आपसी व्यवहार व मधुर संबंध बने रहेंगे।

आरंग व्यापारी संघ के इस कदम का स्थानीय बैंकों ने स्वागत किया है तथा शाखा प्रबंधकों ने मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए पर्याप्त सिक्के एवं नोट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!