सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति परखने के उद्देश्य से जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) कुमार विश्वरंजन ने आरंग विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, कार्यस्थल पर श्रमिकों की सुविधाओं, स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत ग्राम पंचायत दरबा से हुई, जहां सीईओ श्री विश्वरंजन ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत चल रहे तालाब गहरीकरण कार्य का मुआयना किया। उन्होंने कार्यस्थल पर मेट माप पंजी और दवा पेटी की उपलब्धता की जांच की। एन.एम.एम.एस. (नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम) के जरिए श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया का जायजा लिया।
इसके बाद, ग्राम सोनपैरी में तालाब उन्नयन एवं बालिका शौचालय निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सीईओ ने मानवीय दृष्टिकोण दिखाते हुए कार्यस्थल पर पानी पिलाने वाली महिला से जल लेकर उसका सेवन किया और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उन्होंने सरपंच और संबंधित अधिकारियों को बालिका शौचालय का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
ग्राम दरबा और सोनपैरी के प्राथमिक विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री विश्वरंजन ने खुद बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पहाड़े सुने और त्रैमासिक परीक्षा के परिणामों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों की कॉपियों और उन्हें दिए गए गृहकार्य (होमवर्क) की जांच की।उन्होंने शिक्षकों को सख्त निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन गृहकार्य की जांच करें और विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाएं।
ग्राम छतौना-मं. में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सी.एल.एफ. (CLF) द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को बढ़ावा देने और आजीविका के नए अवसर सृजित करने के लिए सामुदायिक डबरी निर्माण के निर्देश दिए। साथ ही, ‘बिहान’ योजना के तहत महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से कृषि और आजीविका गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ उत्पादों का मूल्य संवर्धन (Value Addition) भी हो सके।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
निरीक्षण के अंत में सीईओ ने मैदानी अमले और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं के तहत संचालित सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।कार्यस्थल पर श्रमिकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि उन्हें अधिकतम लाभ मिल सके। इस निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत आरंग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेन्द्र पाण्डेय, वीबी-जी राम जी के कार्यक्रम अधिकारी अनिल चंद्राकर, दरबा सरपंच संजय टण्डन, सोनपैरी सरपंच संतोषी नंदराज साहू, छतौना-मं. सरपंच भोजराज यदु सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

