राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में 26 अक्टूबर, 2026 को “उन्नत गणितीय मॉडलिंग एवं कम्प्यूटेशनल विधियाँ: विज्ञान एवं अभियांत्रिकी में अनुप्रयोग (AMMCMASE-2026)” विषय पर एक सप्ताह के ऑफलाइन संकाय विकास कार्यक्रम (FDP) का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन एनआईटी रायपुर के गणित विभाग द्वारा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गुवाहाटी की E&ICT अकादमी के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को उन्नत गणितीय मॉडलिंग एवं कम्प्यूटेशनल तकनीकों तथा विज्ञान और अभियांत्रिकी के विभिन्न क्षेत्रों में उनके अनुप्रयोगों से परिचित कराना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ संकाय विकास कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. शारदा नंदन राव के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं महत्त्व पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात् कार्यक्रम के संयोजक डॉ. कपिल कुमार सोनी ने आईआईटी गुवाहाटी की E&ICT अकादमी तथा आईआईटी गुवाहाटी और एनआईटी रायपुर के मध्य हब-एंड-स्पोक साझेदारी के बारे में जानकारी दी।

उद्घाटन सत्र में आईआईटी गुवाहाटी की E&ICT अकादमी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुश्री फिरोजा हक ने भी संबोधित किया। उन्होंने संकाय विकास को प्रोत्साहित करने तथा तकनीकी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने में शैक्षणिक सहयोग और संस्थागत साझेदारी की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। एनआईटी रायपुर के गणित विभागाध्यक्ष डॉ. सुजीत कुमार सामंत ने विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों एवं योगदान का परिचय प्रस्तुत किया। संस्थान के कुलसचिव श्री अशोक कुमार गुप्ता ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए निरंतर व्यावसायिक विकास तथा शिक्षण एवं अनुसंधान में नवीन गणितीय और कम्प्यूटेशनल विधियों को अपनाने के महत्त्व पर बल दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एफएसआरटीआई, हैदराबाद के निदेशक एवं प्रधान अनुसंधान वैज्ञानिक प्रो. वी. श्री हरि राव उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों की दिशा में सक्रिय भागीदारी और शैक्षणिक एवं अनुसंधान क्षमताओं के विकास के महत्त्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित एनआईटी रायपुर के करियर डेवलपमेंट सेंटर (CDC) के प्रमुख प्रो. समीर बाजपेयी ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया तथा उन्हें कार्यक्रम से अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

पाँच दिवसीय इस संकाय विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को गणितीय मॉडलिंग एवं कम्प्यूटेशनल विधियों के नवीनतम विकास, उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों तथा विज्ञान एवं अभियांत्रिकी के विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपयोगिता को समझने का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम संकाय सदस्यों के बीच शैक्षणिक विचारों के आदान-प्रदान, अनुसंधान सहयोग तथा नवीन शिक्षण पद्धतियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है। उद्घाटन सत्र का समापन संकाय विकास कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. नीरज मनहास द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!